Posts

Showing posts from December, 2023
 देश के कोने कोने में डर बैठा है। क्या गद्दी पर एक जनावर बैठा है।। कितना कोहरा छाया है दुपहरिया में  शायद दिन भी ओढ़े कंबर बैठा है।। जहां जरा जो  चूका उसका टिकट कटा  गोया मौसम घात लगा कर बैठा है।। इतना कुहरा इतनी ठण्डक ठिठुरन भी जैसे जाड़ा जाल बिछा कर बैठा है।। नए साल मे भी छाया है मातम क्यों कौन साँप कुण्डली लगाकर बैठा है।। उससे कहदो मौत उसे भी आएगी कौन यहाँ पर अमृत पीकर बैठा है।। कोरोना से कहो तुम्हारी खैर नहीं हर हिंदुस्तानी में  शंकर बैठा है।। सुरेश साहनी ,कानपुर
 नया साल औरों के साथ मनाओगे। या फिर बीते कल में वापस आओगे।। धन दौलत में सचमुच ताकत होती है प्यार-मुहब्बत में आख़िर क्या पाओगे।। यूँ भी ज़ख़्म ज़दीद सताते रहते हैं लगता है फिर ज़ख़्म नए दे जाओगे।। तुमको दिल का मन्दिर महफ़िल लगता है दिल के तन्हा घर को खाक़ सजाओगे।। तुमको शायद नग़्मे-वफ़ा से नफ़रत है फिर तुम कैसे गीत वफ़ा के गाओगे।। सुरेश साहनी, कानपुर

आशिक़ी

 इश्क़ होता तो आशिक़ी रहती। आप होते तो ज़िन्दगी रहती।। वज़्म में लाख तीरगी रहती। उनके रहने से रोशनी रहती।। मयकदा कब किसी से कहता है वो न होता तो तिश्नगी रहती।। मिल के दरिया में हो गयी दरिया यूँ भी कब तक  नदी नदी रहती।।
 तुम  अगर एतबार पढ़ पाते।  मेरी आंखों में प्यार पढ़ पाते।। तुम मेरा हाथ थाम लेते तो वक़्त रहते बुखार पढ़ पाते।। मेरे दिल की रहल में रहते तो हम तुम्हें बार बार पढ़ पाते।। यूँ न् परदेश में बने रहते तुम अगर इंतज़ार पढ़ पाते।। गुलशने दिल हरा भरा रहता तुम जो इसकी बहार पढ़ पाते।। हम तुम्हें गुनगुना रहे होते तुम जो मेरे अशआर पढ़ पाते।। हम न बाज़ार में खड़े मिलते हम अगर इश्तहार पढ़ पाते।। सुरेश साहनी, कानपुर
 इधर किश्तों में पैकर बंट गया है।। मेरे आगे  मेरा क़द  घट गया है।। कहाँ से क्या लिखें कैसे लिखें हम अभी मन शायरी से हट गया है।। हमें तूफान आता दिख रहा है उन्हें लगता है बादल छंट गया है।। भरोसा उठ गया है राहबर से चलो अब ऊंट जिस करवट गया है।। भला गैरों से क्या उम्मीद हो जब मेरा साया भी मुझसे कट गया है।। ख़ुदा को क्या ग़रज़ जो याद रखे हमें ही नाम उसका रट गया है।। सुरेश साहनी
 क्या बात करें गुज़रे कल की। जब रीत गयी गागर जल की।। करते करते कल की आशा हम भूल गए जग की भाषा जो पूर्ण समय पर नहीं हुई क्या रखते ऐसी अभिलाषा कुछ ढलकाये कुछ खुद ढलकी।। तुमने कितने इल्ज़ाम दिए स्वारथी छली सब नाम दिए पर इतने निष्ठुर नहीं रहे तुमने ग़म भी इनाम दिये कुछ मज़बूरी होगी दिल की।। जग को बतलाना ठीक नहीं पीड़ा को गाना ठीक नहीं तुमने बोला बस प्यार करो होठों पर लाना ठीक नहीं छलिया को सुन आंखें छलकी।। तुम कब समझे हो प्रीत इसे मत कहो प्रीत की रीत इसे मैं तुमको हारा समझूंगा तुम कहते रहना जीत इसे कामना गयी फल प्रतिफल की।। सुरेशसाहनी, कानपुर
 जानना है तो सवालों में मिलो। डूब कर मुझसे ख्यालों में मिलो।। टूट कर चाहने वालों की तरह तुम हमें चाहने वालों में मिलो।। प्यार में जान भी देने वाली जब मिलो ऐसी मिसालों में मिलो।। हमसे हर वक्त मिलो जाने वफ़ा क्या ज़रूरी है कि सालों में मिलो।। सुरेश साहनी, कानपुर
 लोग कहते हैं समन्वय जैसी कोई स्थिति नहीं बन सकती। जो विज्ञान से परिचित नहीं वो पदार्थ की प्लाज्मा अवस्था को भी नहीं मानते।आज के सामाजिक राजनीतिक परिदृश्यों पर विहंगावलोकन करें तब देखेंगे।पूंजीवाद राष्ट्रवाद की मजबूत आड़ ले चुका है। मनुवाद दलित हितैषी होने का नाटक कर रहा है। दलित पुरोधा सामंतवाद की ढाल बनकर खड़े हैं। आज आंदोलन देशद्रोह और सरकारी दमनचक्र को राष्ट्रहित बताया जा रहा है।इन स्थितियों के पनपने का कारण यही है कि हम समन्वय के मार्ग से भटक गए थे। या यूं कहें कि समन्वयवादी निषाद(द्रविण) संस्कृति को शनैःशनैः ध्वस्त कर दिया गया। प्राचीन आर्ष ग्रंथों में जहां एक ओर शैव और वैष्णवों में समन्वय स्थापित करने की बात की  जाती रही, वहीं दूसरी ओर शिव भक्तों को आज की भांति ही खलनायक बता बता कर मारा जाता रहा।  यह समन्वय और विग्रह का संघर्ष आज भी जारी है।  जब तक समन्वयवाद एक राजनैतिक दर्शन के रूप में नहीं उभरेगा। तब तक देश इन दमनकारी व्यवस्थाओं से मुक्त नहीं होगा। सुरेश साहनी, प्रणेता- समन्वयवाद
 हिन्दू या मुसलमान भी रहने नहीं दोगे। तो क्या हमें इंसान भी रहने नहीं दोगे।। मौला को निगहबान भी रहने नहीं दोगे। फिर कहते हो भगवान भी रहने नहीं दोगे।। जीने के लिए जान भी रहने नहीं दोगे। मर जाएं यूँ बेजान भी रहने नहीं दोगे।। सुख चैन के सामान भी रहने नहीं दोगे। घर मेरा बियावान भी रहने नहीं दोगे।। फतवों के तले कौम दबी जाती है सारी क्या जीस्त को आसान भी रहने नहीं दोगे।। क्या इतने ज़रूरी हैं सियासत के इदारे तालीम के ऐवान भी रहने नहीं दोगे।। अब काहे का डर तुमने कलम कर दीं जुबानें अब बोलते हो कान भी रहने नहीं दोगे।। हर रोज़ बदल देते हो तुम नाम हमारे क्या कल को ये उनवान भी रहने नहीं दोगे।। हल बैल गये साथ मे खेतों पे नज़र है शायद हमें दहकान भी रहने नहीं दोगे।। सुरेश साहनी, कानपुर 9451545132
 मेरी आंखों में प्यार पढ़ पाते। वक़्त रहते बुखार पढ़ पाते।। मेरे दिल की रहल में रहते तो हम तुम्हें बार बार पढ़ पाते।। यूँ न् परदेश में बने रहते तुम अगर इंतज़ार पढ़ पाते।। गुलशने दिल हरा भरा रहता तुम जो इसकी बहार पढ़ पाते।। हम तुम्हें गुनगुना रहे होते तुम जो मेरे अशआर पढ़ पाते।। हम न बाज़ार में खड़े मिलते हम अगर इश्तहार पढ़ पाते।।
 सोच रहे हैं  नए साल में कुछ तो नया नया सा लिख दें। स्वागत कर लें अभ्यागत का गए साल को टाटा लिख दें।। छू कर आये चरण बड़ों के बच्चों को जाकर दुलरायें और सभी मिलने वालों से मिलकर मंगल वचन सुनाएं नए तरह से लिखें बधाई या संदेश पुराना लिख दें।। बोल बोल कर वहीं पुराने जुमले मजमा नया लगाएं या कह कर के नया तमाशा खेल पुराने ही दोहराएं लम्बे चौड़े भाषण पेलें जन कल्याण जरा सा लिख दें।। सोच रहे हैं नया कहाँ है यह निस दिन आता जाता है है भविष्य से आशंकाएं पर अतीत से कुछ नाता है मन को नया कलेवर तो दें तन हित भी प्रत्याशा लिख दें।।
 सर्दी पर लिख लिख हुए सारे दास कबीर। कितनों ने अनुभव करी ,हल्कू की वह पीर।। दोहा सुरेश साहनी
 आप नाहक कमान ताने थे। जान लेने के सौ बहाने थे तीर थे जाल और दाने थे। मेरे  जैसे  कई  निशाने थे ।। चाहते तो वो जीत भी जाते उनको पाशे ही तो बिछाने थे।। दिमाग दिल जिगर मेरी नज़रें उनकी ख़ातिर कई ठिकाने थे।। उनकी ताकत नई थी जोश नया हां मगर पैंतरे पुराने थे।। लोग पलकें बिछाए रहते थे हाय क्या दौर क्या ज़माने थे।। गर्द में वो भी मिल गए जिनके आसमानों में आशियाने थे।।
 सब करना मशहूर न करना । मुझको मुझसे दूर न करना।। हद होती है अहदे वफ़ा की   इतना भी मजबूर ना करना।। किशमिश होकर रह जाओगे तुम ख़ुद को अंगूर न करना।। दिल तुमसे रोशन रोशन है तुम इसको बेनूर ना करना।। बेशक़ तुम बेहद सुंदर हो पर ख़ुद को मग़रूर न् करना।। सुरेश साहनी कानपुर
 चलो वो दुश्मनी ही ठान लेंगे। तो क्या ले लेंगे मुझसे क्या न लेंगे।। ख़ुदा सुनता है मैंने भी सुना था कभी मेरी सुनें तो मान् लेंगे।। अमां घोंचू हो क्या वे दिल के बदले भला काहे तुम्हारी जान लेंगे।। नज़र से तोलना आता था उनको वो कहते हैं कि अब मीजान लेंगे।। ख़ुदारा आप इतना बन संवर कर ज़रूर इकदिन मेरा ईमान लेंगे।। सुरेश साहनी, कानपुर
 आज ये ज़िक्रे- आशनाई क्यों। पहले शाइस्तगी दिखाई क्यों।। मुझसे तुमने कभी कहा तो नहीं फिर ये इल्ज़ामें- बेवफ़ाई क्यों।। अजनबी हूँ तो अजनबी ही रह आशना है तो ये ढिठाई क्यों।। इंतेख़ाबात को गए रिश्ते कशमकश तक ये बात आई क्यों।।  राब्ता जब नहीं रहा उनसे  देख कर आँख डबडबाई क्यों।। साहनी तुम से प्यार करता था बात इतनी बड़ी छुपाई क्यों।। सुरेश साहनी, कानपुर 9451545132
 मेरे आगे ग़ज़ल सी बैठी है। झील वाले कंवल सी बैठी है ।। इक क़यामत है हुस्न ज़ालिम का और जैसे अज़ल सी बैठी है।। ज़िंदगी की किताब लेकर वो मुस्कुराती रहल सी बैठी है।। इतनी आसान तो नहीं होगी जितनी ज़्यादा सहल सी बैठी है।।
 तेरे फ़िराक़ की दहशत से रात बिगड़ी है। कि तुझसे राब्ता रखने से बात बिगड़ी है।। समर न मांगती हौव्वा तो इल्म क्यों होता इस इक गुनाह से आदम की जात बिगड़ी है।। साहनी
 ज़ख़्म भी किसलिए सजाते फिरें। कोई तगमे हैं जो दिखाते फिरें।। वो हमें रात दिन सताते फिरें। और हम उनपे जां लुटाते फिरे।। दर्द चेहरे पे दिख रहा होगा क्या ज़रूरी है हम बताते फिरें।। वो हमारे हैं सब तो जाने हैं हक भला किसलिए जताते फिरें।। जब ज़माना है दिलफरेबों का हम भी किस किस को आज़मातें फिरें।। तगमे/ बैज, पदक , स्मृति चिन्ह, ताम्रपत्र, तमगे फ़रेब/ छल सुरेश साहनी, कानपुर 9451545132
 निर्धन का अभिशाप है सर्दी की सौगात। रात ठिठुरती रह गयी चौराहे पर रात।। चौराहे पर रात ठिठुरती रही बेचारी खुले अंग प्रत्यंग लिए इक अबला नारी।। कह सुरेश कविराय शरद ऋतु का ओछापन धनिक मनाते जश्न यातना सहते निर्धन।।     सुरेश साहनी
 दून से हरीद्वार घूमे हो। खूब बद्री केदार घूमे हो। सच कहो तुम कभी जवानी में  जाके पलटन बजार घूमे हो।।
 हुस्न ज़िद पर अड़ा नहीं होता। तो तमाशा खड़ा नहीं होता।।  दिल न दुनिया न तो समंदर है दिल ज़्यादः बड़ा नहीं होता।। बेबसी संगदिल बनाती है दिल किसी का कड़ा नहीं होता।। हुस्न को मयकदा नहीं कहते इश्क़ भी बेवड़ा नहीं होता।। आशिकों को मिले है ये दौलत ग़म कहीं पर गड़ा नहीं होता।। सुरेश साहनी, कानपुर 9451545132
 मेरी जानकारी में कानपुर में लगभग चार सौ सक्रिय कवि या शायर हैं।छुपे हुए डायरी बन्द और शौकिया हज़ार से कुछ अधिक ही होंगे। प्रदेश में सौ गुना मान लीजिए।      इस सूची से अपना नाम वापस लेने में भलाई लगती है। अच्छा ही हुआ अपने समय के सुप्रसिद्ध कवि प्रतीक मिश्र  जब "कानपुर के कवि"  पुस्तक लिये सामग्री जुटा  रहे थे, तब हम छूट गए थे। उनको किसी ने बताया ही नहीं। जलने वाले कवि तो तब भी रहे होंगे। जब कबीर और तुलसी से जलने वाले कवि हुए हैं तो हमसे जलने वाले क्यों नहीं हो सकते।  अभी एक कवि महोदय को एक गोष्ठी में नहीं बुलाया।उन्हें बहुतै बुरा लगा। उन्होंने तुरंत एक गोष्ठी का आयोजन किया, और किसी को नहीं बुलाया। एक पौवा, चार समोसे एक प्याज, एक चिप्स का पैकेट और एक बीड़ी का बंडल।और शीशे के सामने महफ़िल सजा के बैठ गए। मुझसे बताने लगे तब पता चला।मैंने कहा यार मुझे ही बुला लिया होता।मैं तो पीता भी नहीं।      वे बोले,"-इसीलिए तुम कवि नहीं बन पाए, और यही हाल रहा तो कवि बन भी नहीं पाओगे।" हमेशा फ्री के जुगाड़ में रहते हो। मैने जोर देकर कहा, भाई! में बिलकूल नहीं पीता"। उन्होंने गम्भीरता
 जोड़ तोड़ कर ही लिखना है तो तुम यह करते भी होंगे तुम कौए को हंस दिखाने-  की कोशिश करते भी होंगे किन्तु सभी कवितायें  केवल  तुम तक ही रह जाती होंगी कुछ शुभेच्छुओं और चारणों- से प्रशस्ति ही पाती होंगी जोड़ गाँठ कर शब्द गाँज कर गीत नहीं बन पाते हैं प्रिय ढेरों कूड़ा कंकड़ पत्थर भवन नहीं कहलाते हैं प्रिय बाद तुम्हारे उन गीतों को कोई मोल न देगा प्यारे सिवा तुम्हारे कोई अधर भी अपने बोल न देगा प्यारे गीतों को लिखने से पहले भावों को जीना पड़ता है अमिय-हलाहल सभी रसों को यथा उचित पीना पड़ता है सुरेशसाहनी कानपुर
 इक नज़र ने बचा लिया मुझको। उसके डर ने बचा लिया मुझको।। दिल की कश्ती डुबा रही थी जब इक भँवर ने बचा लिया मुझको।। मन्ज़िलों में भटक गया होता पर सफ़र ने बचा लिया मुझको।। जो मकीं थे वो मार ही देते दरबदर ने बचा लिया मुझको।। मेरे अपनों को हाल था मालुम बेख़बर ने बचा लिया मुझको।।
 मेरे चेहरे की जब किताब पढ़ो। सर्द आंखों में ग़र्क़ ख़्वाब पढ़ो।। मेरी हालत को यूँ न समझोगे जो अयाँ है उसे हिजाब पढ़ो।। मेरे आमाल पढ़ न पाओगे तुम असासे गिनो हिसाब पढ़ो।। तो तुम्हे शाह से ही निस्बत है जाओ ज़र्रे को आफ़ताब पढ़ो।। हाले-हाज़िर की वज़्ह भी तुम हो मेरा खाना भले ख़राब पढ़ो।। सुरेश साहनी, कानपुर 9451545132
 चलो हम मान लेते हैं कि तुम हो। भले दो चार कहते हैं कि तुम हो।। तुम्हारा क्या पता तुमको पता है कई ख़ुद को समझते हैं कि तुम हो।।
 आज मेरे प्यारे मित्र हकीक भाई हम सबको छोड़ गए। हकीकत था आज बन के फ़साना चला गया। घर भर की नेमतों का खज़ाना चला गया।। तन्हाइयों ने घेर लिया दिल को यकबयक जैसे सुना कि दोस्त पुराना चला गया।। क्यों कर कहें कि आके क़ज़ा ले गयी उसे हक़ बात है कि जिसको था जाना चला गया।। जाने की उस गली में तमन्ना चली गई मिलने का था वो एक बहाना चला गया।। तुम क्या गए हकीक कि आलम है ग़मगुसार गोया कि नेकियों का ज़माना चला गया।। हिन्दू मुसलमा अपने पराये से था जो दूर गा कर मुहब्बतों का तराना चला गया।। कितने ही आसियों की उम्मीदें चली गईं कितनी ही यारियों का ठिकाना चला गया।। मौला ने ले लिया उसे अपनी पनाह में प्यारे हुसैन तेरा दीवाना चला गया।। सुरेश साहनी, कानपुर 9451545132
 ये किसकी सिम्त चलना चाहता हूँ। मैं आख़िर क्या बदलना चाहता हूँ।। तेरे ख्वाबों में पलना चाहता हूँ। मैं खुश होना मचलना चाहता हूँ।। है मुझ सा कोई मेरे आईने में मग़र मैं मुझसे मिलना चाहता हूँ।। ये माना हूँ गिरा अहले नज़र में अभी तो मैं सम्हलना चाहता हूं।। मैं लेकर तिश्नगी की शिद्दतों को तेरे शीशे में ढलना चाहता हूँ।। मुझे इन महफिलों में मत तलाशो मैं अन्धेरों में जलना चाहता हूँ।। चलो तुम तो वहाँ गुल भी खिलेंगे गुलों सा मैं भी खिलना चाहता हूँ।। सुरेश साहनी कानपुर 9451545132
 पहले से धारणा बना ली प्रिय एक बार मिले तो होते। हम भी तुमको प्यारे लगते दो पग संग चले तो होते।। तुमने मुझ को जब भी देखा औरों की आंखों से देखा औरों से मेरे बारे में सुना खींच दी लक्ष्मण रेखा रावण नहीं पुजारी दिखता मैं पर तुम पिघले तो होते।। उपवन उपवन तुम्हें निहारा कानन कानन तुम्हें पुकारा पर्वत जंगल बस्ती बस्ती भटका यह पंछी आवारा एक अकेला क्या करता मैं दो के साथ भले तो होते।। तुमको भाया स्वर्ण-पींजरा मैं था खुले गगन का राही मैं था याचक निरा प्रेम का तुमने कोरी दौलत चाही यदि तुम तब यह प्यार दिखाते मन के तार मिले तो होते।। सुरेशसाहनी कानपुर
 कौन अब गीत गुनगुनाता है। छंद पढ़ता है गीत गाता है।। आज श्रोता डिमांड करते हैं और कवि चुटकुले सुनाता है।। है नजाकत समय की कुछ ऐसी पेट से भाव हार जाता है।। और फिर कवि कहाँ से दोषी है आप का भी दवाब आता है।। आज के दौर में हँसा पाना आदमी है कि खुद विधाता है।।  दर्श देते हैं देव उतना ही भक्त जितना प्रसाद लाता है।।
 उनके कितने ताम झाम हैं शायद दरबारी गुलाम हैं।। कविता शायद कभी लिखी हो पर मंचों के बड़े नाम हैं।। ये सलाम करते हाकिम को तब खाते काजू बदाम हैं।। अपने हिस्से मूंगफली के दाने खाली सौ गराम हैं।। सत्ता के हित में भटगायन बड़े लोग हैं बड़े काम हैं।। ये एमपी के सेवक ठहरे अपने मालिक सियाराम हैं।। सुरेश साहनी, कानपुर
 हम नाम हुसैन का लेते हैं रखते हैं अक़ीदा जालिम में। ये दुनिया कहाँ जा पहुंची है हम खोए हैं हिन्दू मुस्लिम में।।
 ज़िन्दगी अब हो गयी है हसरतों की क़ैद में। हर खुशी दम तोड़ती है ख्वाहिशों की क़ैद में।। ताज अपने वास्ते बनवा के वो जाता रहा ज़ीस्त तन्हा रह गयी है वारिसों  की क़ैद में।। अब कफ़स खुद तोड़ना चाहे है अपनी बंदिशें नफ़्स अब घुटने लगी है खाँसियों की क़ैद में।। बंट गए हैं आसमां भी बाद भी परवाज भी अब परिंदे उड़ रहे हैं सरहदों की क़ैद में।। कौन कहता है मुहब्बत बंधनों से दूर है आज है आशिक़मिजाजी मज़हबों की क़ैद में।। ग़म के बादल छा गए हैं कस्रेदिल पर इस तरह ढह न जाये इश्क़ का घर बारिशों की क़ैद में।। दिल किसी बिंदास दिल को दें तो कैसे दें अदीब नौजवानी रह गयी है हासिलों की क़ैद में।। सुरेश साहनी, अदीब
 आपने प्यार से क्या पुकारा मुझे। ख़ुद ही देने लगे सब सहारा मुझे।। आप से हसरतें तो मुकम्मल हुई ज़िन्दगी ने भी हँस कर सँवारा मुझे।। मुझको कंधे मिले इसमें हैरत तो है अब तलक था सभी ने उतारा मुझे।। नूर उनका मुजस्सिम हुआ इस तरह ख़ुद बुलाने लगा हर नज़ारा मुझे।। इक दफा जिसकी महफ़िल में रुसवा हुए फिर उसी ने बुलाया दुबारा मुझे।।   साथ मेरा नहीं जिनको तस्लीम था आज वो कर रहे हैं गंवारा मुझे।।
 बन के मेरे यार पड़े हैं। पता नहीं वे किधर खड़े हैं।। कविता में है प्रतिरोधी स्वर  पर सत्ता के साथ खड़े हैं।। स्वाद कसैला कैसे होगा वे व्यंजन में दही बड़े हैं।। मेरी पोस्ट न दिखती इनको हैं तो चिकने मगर घड़े हैं।।
 तुम ने प्रेम मेरा ठुकराया  मैंने यही शब्दसः गाया  तुमने क्यों मेरी पीड़ा को  प्रेम गीत का नाम दे दिया।।   अब दुनिया को क्या समझाऊं    भला कहाँ जाकर छुप जाऊँ    दिल की दबी   वेदनाओं को    क्यों तुमने आयाम दे दिया ।। सुरेश साहनी,
 तुमको हक़ है कि मुझे प्यार करो। अपनी ज़ुल्फ़ों में गिरफ्तार करो।। मन करे आके मिलों ख़्वाबों में और फिर नींद भी दुश्वार करो। ख़्वाबगाहों में भटकने वालों कुछ हकीकत को भी स्वीकार करो।।
 इनकी उनकी रामकहानी छोड़ो भी। क्या दोहराना बात पुरानी छोड़ो भी।। अक्सर ऐसी बातें होती रहती हैं इनकी ख़ातिर ज़ंग जुबानी छोड़ो भी।। शक-सुब्हा नाजुक रिश्तों के दुश्मन हैं यह नासमझी ये नादानी छोड़ो भी।। आओ मिलकर आसमान में उड़ते हैं अब धरती की चूनरधानी छोड़ो भी।। चटख चांदनी सिर्फ़ चार दिन रहनी है मस्त रहो यारों गमख़्वानी छोड़ो भी।। मर्जी  मंज़िल मक़सद राहें सब अपनी सहना ग़ैरों की मनमानी छोड़ो भी।। दो दिन रहलो फिर अपने घर लौट चलो मामा मौसी नाना नानी छोड़ो भी।। सुरेश साहनी, कानपुर
 इश्क़ मुहब्बत अपने बस की बात नहीं फिर वो चाहत अपने बस की बात नहीं माना उनके दिल से अपनी दूरी है लेकिन नफ़रत अपने बस की बात नहीं वो दुनिया मे नम्बर वन है चीटिंग से ऐसी शोहरत अपने बस की बात नहीं
 बद करामत मुझे नहीं आती। ये सियासत मुझे नहीं आती।। उसकी नफ़रत से है कड़ी नफ़रत फिर भी नफ़रत मुझे नहीं आती।। यां अक़ीदत से कोई उज़्र नहीं पर इबादत मुझे नहीं आती।। बदनिगाही नहीं रही  फ़ितरत और हिक़ारत मुझे नहीं आती।। यूँ भी तनक़ीद किस तरह करता जब मलामत मुझे नहीं आती।। कौड़ियों में रहा इसी कारण ये तिजारत मुझे नहीं आती।। सुरेश साहनी कानपुर 9451545132
 वो बुरा है , क्योंकि गैर-बिरादर है । वह भी बुरा है , क्योंकि मेरा बिरादर है  पर गैर पार्टी में है । वह बहुत बुरा है  मेरा बिरादर है  पर मेरी पार्टी में  मेरे बराबर बैठना  चाहता  है।।
 मैं अपने पढ़ने वालों की ख़ातिर लिखता हूँ। लिखने में थक भी जाता हूँ पर फिर लिखता हूँ। औरों ने मजहब के आगे दिल तोड़े होंगे मैं दिल को गुरुद्वारा- मस्जिद-मन्दिर लिखता हूँ।। जो मज़हब को मानवता से ऊपर रखते हैं मैं उनको ढोंगी तनखैया काफ़िर लिखता हूँ।। जिन लोगों ने मजहब को व्यापार बनाया है मैं ऐसों को संत न लिखकर ताज़िर लिखता हूँ।। धनपति जो हो गया आज सब माया है कहकर मुझको बोला मैं पैसों की ख़ातिर लिखता हूँ।। जो सत्ता के इर्द-गिर्द मंडराते रहते हैं तुम साधू समझो मैं उनको शातिर लिखता हूँ।। सुरेश साहनी, कानपुर
 भूख और प्यास के मुद्दों को दबा देता है। जब वो मज़हब की कोई बात उठा देता है।। इतनी चालाकी से  करता है मदद क़ातिल की मरने वाले को कफ़न उससे दिला देता है।। अपना घर दूर जज़ीरे में बना रखा है जब शहर जलता है वो खूब हवा देता है।। अपने परिवार के हक में कभी अपनी ख़ातिर कौम के सैकड़ों परिवार मिटा देता है।। कौन सी कौम है जिससे न हो रिश्ते उसके कौम के क़ौम वो चुटकी में लड़ा देता है।। रोज खाता है हक़-ए-मुल्क़ में इतनी कसमें पर सियासत के लिए रोज भुला देता है।। बख्शता है कहाँ वो मुल्क़ को मजहब को भी ग़ैर तो ग़ैर वो अपनों को दगा देता है।। सुरेश साहनी, कानपुर
 दिन रहे उलझन भरे रातों रही बेचैनियां। फागुन नहीं सावन नहीं फिर क्यूं रही हैरानियाँ।। मैं इस गली तुम उस गली ,मैं इस डगर तुम उस डगर इक नाम जुड़ने से तेरे इतनी मिली बदनामियाँ।। लैला नहीं मजनू नहीं फरहाद- शीरी भी नहीं अब आशिक़ी के नाम पर बाक़ी रहीं ऐयारियां।। सब चाहते हैं जीस्त में सरपट डगर मिलती रहें  पर इश्क़ ने देखा नहीं आसानियाँ दुश्वारियां।।
 न्याय पर से भी भरोसा उठ गया। अब व्यवस्था का ज़नाज़ा उठ गया।। आईये मिल कर पढ़ें यह मर्सिया लग रहा है कोई अच्छा उठ गया।। अब तेरी महफ़िल में रौनक ख़त्म है दिल तेरी महफ़िल से तन्हा उठ गया।। इक मदारी को यही दरकार है चंद सिक्के और मजमा उठ गया।। बन्द कमरे में हुई कुछ बैठकेँ और फिर नाटक का पर्दा उठ गया।। सुरेश साहनी
 जब मेरे बिन तेरी महफ़िल सजती है।  महफ़िल गोया तन्हा रोया करती है।। जैसे अर्थी उठती है लावारिस की वो महफ़िल भी कुछ ऐसे ही उठती है।। यूँ भी महफ़िल होती है दिल वालों की बेदिल वालों की तो मंडी चढ़ती है।। सुरेश साहनी ,कानपुर
 इक हसीं ख़्वाब सजाकर हमने। कर दिया उनको मुनव्वर हमने।। रात ख़्वाबों में वो आये फिर क्या ओढ़ ली वस्ल की चादर हमने।। शख़्सियत कर ली बुजुर्गों जैसी इश्क़ में उम्र बिताकर  हमने ।। कर दिया जैसे शहर को पत्थर आईना खुद को बनाकर हमने।। उनकी नज़रों में बड़ी गलती की अपने बच्चों को पढ़ाकर हमने।। सुरेश साहनी, कानपुर
 तमाम दिन भाग दौड़ के चलते  हम तक़ल्लुफ़ भी छोड़ देते हैं। जिनपे चलते हैं दोस्त या अपने ऐसी  राहों को  मोड़ देते हैं।। और तब तक कमी नहीं खलती जब तलक हम हवा में होते हैं। और जब टूटकर बिखरते हैं तब हमें दोस्त याद आते हैं।। सभी फेसबुक  मित्रों को आज तसल्ली भरा नमस्कार!!!!! सुप्रभात!!!!!!
 अब पहले जितना वक्त कहाँ अब भाग दौड़ की दुनिया है। अब कोई भी रिश्ता बनना इक बोझ सा लगने लगता है।। अब एक तकल्लुफ है कहना पर वो भी भारी लगता है वो सचमुच चाय न मांग पड़े भारी बीमारी लगता है।।
 इस कविता की प्रेरणा अनूप शुक्ल जी की पोस्ट बनी। नोटबन्दी ने सियासत में नए आयाम जोड़े हैं। समूचे देश को अब एक जैसा काम जोड़े हैं।। सभी हैं चोर अधिकारी,करमचारी कि व्यापारी मिले हैं शाह चौकीदार बहुत बदनाम जोड़े हैं।। खड़े हैं एक सफ में सारे मोदी जी की मर्जी से नहीं तो कब सियासत ने  रहीम-ओ-राम जोड़े हैं।। जिसे गांधी न कर पाये करा तस्वीर ने उनकी घुमाया  सिर्फ चेहरा और खास-ओ-आम जोड़े हैं।। तुम्हें मुजरिम ने लूटा है ,लुटे हैं मुंसिफ़ी से हम मेरे हिन्दोस्तां को एक सा अंजाम जोड़े हैं।।
 ग़ज़ल मेरी मेरे काबू में बिलकुल भी नहीं रहती। कलम मेरी मेरे मौजूं में बिलकुल भी नही रहती।। मैं जब लिखता हूँ उसके वास्ते  कुछ हर्फ़ कागज पर ये सच है वो मेरे पहलू में बिलकुल भी नहीं रहती।। सुरेश साहनी
 पहले पत्थरदारी की। फिर शीशे से यारी की।। जन्म हुआ संघर्षों में मैंने कब तैयारी की।। सुन कर तुम हँस सकते हो बात मेरी ख़ुद्दारी की।। प्यार मिले इस लालच में ख़ुशियाँ बहुत उधारी की।। जान हथेली पर रक्खी तब जाकर सरदारी की।।
 सम्बन्धों  में  समरसताएँ  बनी  रहें किन्तु प्रेम को सम्बन्धों का नाम न दो। सत है चित है सदानन्द है तुम इसको काम जनित उन्मादों के आयाम न दो।। तुमको बचपन से यौवन तक देखा है साथ तुम्हारा प्रतिदिन प्रति क्षण चाहा है। किन्तु वासना जन्म नहीं ले सकी कभी इस सीमा तक हमने धर्म निबाहा है।। जो शिव है है वही सत्य वह सुन्दर भी जो सुन्दर है केवल भ्रम कुछ पल का है। पा लेने में खारापन आ सकता है पर प्रवाह मीठापन गंगा जल का है।। हम तुमको चाहें तुम भी हमको चाहो सम्बन्धों से परे प्रेम यूँ पावन है। जन्म जन्म तक प्रेम रहेगा कुछ ऐसे जैसे धरती पर युग युग से जीवन है।। सुरेशसाहनी
 यह भारतीय राजनीति का संक्रमण काल  चल रहा है। आम जनता ,किसान, आदिवासी समुदाय, जलवंशी समुदाय ,सवर्ण समाज और पिछड़ी जातियां आदि अनेक मुद्दे हैं जिन पर लिखा जा सकता है। लेकिन कुछ भी लिखने के लिए कुछ तो समय चाहिए। सो है नहीं। रोजी रोटी के लिए सुबह शाम की मशक्कत आपकी  चिन्तन क्षमता हर लेती है।  उससे भी बड़ी दिक्कत है कि भारत सरकार की आर्थिक नीति बड़ी तेजी से बाज़ारवाद के अंधे कुएं की ओर बढ़ रही है। मीडिया  केवल उन्ही राजनैतिक दलों को भारतीय राजनीति के विकल्प बता रहा है, जो आर्थिक उदारवाद के नाम पर गरीब-विरोधी आर्थिक नीतियों को प्रश्रय देते आ रहे हैं।आज देश के अधिकांश बुद्धिजीवी इन ज़मीनी सच्चाईयों से मुँह फेरकर जाति-धर्म की राजनीति पर जुगाली कर रहे हैं। ये सब घूमकर केवल इस बात पर जोर देने में लगे हैं कि जहां जिस भी दल से इनकी बिरादरी या धर्म के लोग लड़ रहे हों उनके समर्थन का दिखावा करो।इन सब का देश के समाज के ,इनके खुद के जातिय समाज के विकास से कोई मतलब नहीं।आख़िर इन सबके धर्म, मजहब, पंथ और जाति को ख़तरा जो है। ऐसे में आप कुछ भी सकारात्मक लिखें,लोग उसे नकारात्मक रूप में लपकने के लिए तैयार बैठे हैं।
 मत पूछो किस बात का डर है। बे मौसम बरसात का डर है।। कतराते हो दिल देने से क्या दिल के आघात का डर है।। ग़ैरों से  उम्मीद नहीं है पर अपनों से  घात का डर है।। रात सजा करती है महफ़िल अब दिन को भी रात का डर है।। हम ख़ुद पर काबू तो कर लें इस दिल को जज्बात का डर है।। दिल्ली की बातें मत पूछो भूतों को जिन्नात का डर है।  लोग बहुत सहमे हैं उनको अनजाने हालात का डर है।। सुरेश साहनी, कानपुर
 जिनसे कभी मिले नहीं अक्सर उन्ही में हम। ख़ुद को तलाशते रहे खोकर उन्हीं में हम।। क्यों जाये हम बहिश्त कहीं और ढूंढ़ने  शायद कि ख़त्म कर सकें बंजर उन्हीं में हम।। वैसे तो किस्मतों पे भरोसा नहीं रहा फिर भी जगा रहे हैं मुक़द्दर उन्हीं में हम।। ग़ैरों के आसमान में जाएं तो किसलिए दिल कह रहा है होंगे मुनव्वर उन्हीं में हम।। बेशक़ मिले नहीं हैं ख़्याली ज़हान से  लेकिन बने रहेंगे बराबर उन्हीं में हम।। माना कि ऐसी राह में हैं राहजन मगर पाते हैं हर मुकाम पे रहबर उन्हीं में हम।। दिल में बिठा के अपने ही दिल के लिए अदीब ताउम्र खोजते फिरे इक घर उन्हीं में हम।। सुरेश साहनी, कानपुर
 किसके लिए जियेंगे ये सोचा नहीं कभी। किसके लिए मरेंगे  ये सोचा नहीं कभी।। जो फ़र्ज़ थे वो मैने बराबर अता किये  कुछ लोग क्या कहेंगे ये सोचा नहीं कभी।।
 आख़िर तुमने अपनी वाली कर दी ना। मुझ फ़कीर की झोली खाली कर दी ना।। तुम सबके दिन अच्छे करने वाले थे खाक़ करोगे रातें काली कर दी ना।।
 उस शख़्स से मेरा कोई रिश्ता कभी न था। मेरा ही था कैसे कहूँ मेरा  कभी न था।। चुपचाप छोड़कर गया अफ़सोस है यही जैसे गया वो इस तरह जाता कभी न था।।
 आज उजालों का मजा क्यों ना लें धनवान। ख़ुद को गिरवी रख चुके हैं अब के दिनमान।।  सुरेश साहनी
 अगर रुसवाईयों से यूँ डरेगा। मुहब्बत ख़ाक़ तू मुझसे करेगा।। ज़हाँ वालों से यूँ डरता फिरेगा। हमारे साथ कैसे चल सकेगा।।
 चांद जो हमसफ़र हुआ होता। आसमानों पे घर हुआ होता।। मुश्किलें कुछ तो कम हुईं होतीं कुछ तो आसां सफर हुआ होता नूर के साथ दाग भी मिलते इश्क जो  बाअसर हुआ होता।। हर्ज क्या हम जो चश्मेनम रहते  उनका दामन भी तर हुआ होता।। तेरे होने से फ़र्क़ पड़ता तो मैं भी लालो-गुहर हुआ होता।। सुरेश साहनी कानपुर 94515451
 आशिक़ी का वही बदल थी क्या। वो मेरी उलझनों का हल थी क्या। मुस्कुरा कर नज़र झुका लेना प्यार की क्या वही पहल थी क्या।। गुनगुनाते हैं हम जिसे अक्सर तुम वही सुरमई ग़ज़ल थी क्या।।
 कह रहा है मुजस्समा मुझको। कैसे मानूँ है जानता मुझको।। जानते हैं कई भला मुझको। कह रहा है कोई बुरा मुझको।। जिसको अहले वफ़ा कहा तुमने दे रहा है वही दगा मुझको।। हो न् हो लौट कर वो आएगा उम्र भर ये भरम रहा मुझको।। मैंने उसका मुकाम माँगा  जब उसने सौंपा मेरा पता मुझको।। दूर रहता है इस तरह गोया दे रहा है बड़ी सज़ा मुझको।। अलविदा क्यों सुरेश को कह दें मुद्दतों बाद है मिला मुझको।। सुरेश साहनी कानपुर 9451545132
 तुम्हे देख कर क्यों लगता है जैसे हम कुछ हार गए हों या अपना कुछ छूट गया हो या ऐसा लगता है जैसे तुम्हे समय ने मेरी किस्मत- की  झोली से चुरा लिया है किन्तु इसे दावे से कहना अब जैसे बेमानी सा है.... कभी मिलो तो हो सकता है तुमसे मिलकर मेरी आँखें हौले से यह राज बता दें तुम ही उनका वह सपना हो जिसकी ख़ातिर वे बेचारी रातों को जागा करती थीं और  सुबह से उस रस्ते पर दिन भर बिछी बिछी रहती थीं जिन से होकर जिन पर चलकर तुम आया जाया करती थी।
 मुहब्बत कर न पाये तुम चलो नफ़रत ही कर लेते सुना है उम्र भर रिश्ते अदावत के भी चलते हैं।।सुरेशसाहनी
 विद्रोही मन कहाँ किसी के साथ रहा है विद्रोही मन खाक किसी के साथ रहेगा। उसे पता है जो भी आया छला उसी ने उसे पता है जो आएगा घात करेगा।। सुरेश साहनी
 हम जन्मजात अभिचिन्तक है सदियों पहले के सूत्रधार बल से कम छल से गए हार उस छल की पीड़ा को लेकर  मन मे इस बीड़ा को लेकर हम सोते में भी जगते हैं इक ऐसी सुबह हम लाएंगे जब हमसे छल करने वाले अपने छल से घबराएंगे हर रोज सुबह तब होती है जब इस प्रसूति पीड़ा का फल  कविता अपना आकार लिए कागज की धरती पर आकर जब स्वयम प्रस्फुटित होती है मैं नहीं मात्र तब साथ मेरे सदियों की पीड़ा उठती है सदियों की पीड़ा उठती है जब जन्म नई कविता  लेगी हर बार  प्रथम प्रसवानुभूति से कवि तो निश्चित गुजरेगा पर जब भी कविता जन्मेगी हर बार किसी अव्यवस्था से आक्रोश प्रथम कारण होगा....
 जय जवान तब तक है जय किसान तब तक है जब तक वे अपने अधिकार नहीं मांगते जब तक वे अपनी सरकार नहीं मांगते जय जवान तब तक है जय किसान तब तक जब तक वे सेवा का दाम नहीं मांगते नाम नहीं मांगते आराम नहीं मांगते जय जवान तब तक है जय किसान तब तक हर मजूर मालिक है भाव ताव होने तक किसान अन्नदाता है बस चुनाव होने तक मान जान कब तक है जय जवान तब तक है जय जवान कब तक है जय किसान तब तक है सुरेश साहनी, कानपुर
 ये किस्सों के भी चलते हैं हकीकत के भी चलते हैं।। जवानी में तो अक्सर दौर तोहमत के भी चलते हैं।। कि फाकाकश फकीरों के कई किस्से सुने होंगे मगर ये दौरे-गर्दिश मा बदौलत के भी चलते हैं।। मुहब्बत कर न पाये तुम चलो नफ़रत ही कर लेते सुना है उम्र भर रिश्ते अदावत के भी चलते हैं।।सुरेशसाहनी
 मेरे अंदर का नचिकेता डरा हुआ है और सामने का ऋषि कुल अब अभिचिन्तन से मरा हुआ है कल कोई मुझको अज्ञानी कह सकता है देशद्रोह से आरोपित कर खालिस्तानी कह सकता है पहले यम उत्तर देते थे शांत भाव से लोकतंत्र का यम ईवीएम मार रहा है अब चुनाव से
 बनाये कितने बहाने तेरी मुहब्बत में। बिता दिये हैं ज़माने तेरी मुहब्बत में।। तेरी गली, गली का मोड़ ,पान की गुमटी यही थे अपने ठिकाने तेरी मुहब्बत में।।
 फिर मुझे ग़म ने आजमाया है। आज दिल फिर से मुस्कुराया है।। कोई अपना है क्या करें यारों  तीर जानिब से जिसकी आया है।। क्या ख़ुदा को भी खौफ़ है कोई आसमानों पे घर बनाया है।। नींद उसकी भी उड़ रही होगी तब तो ख्वाबो में मेरे आया है।।
 आदमी से कहाँ बचा रहता। वो अगर यूँ न् लापता रहता।। वक़्त वो उम्र भर  नहीं लौटा फिर मैं किसके लिए रुका रहता।। हुस्न ने जब बदल लिए चेहरे इश्क़ कब तक वही बना रहता।। उसकी मर्ज़ी पे क्यों गुरेज़ करें देर कितना है बुलबुला  रहता।। खलवतें ज़िन्दगी का हिस्सा हैं साथ कब तक है काफिला रहता।। साहनी तू  है तो ख़ुदा खुश है मैं जो होता क्या ख़ुदा रहता।। सुरेश साहनी कानपुर 9451545132
 तुम महफ़िल में होकर तन्हा तन्हा हो मैं तन्हा रहकर भी साथ तुम्हारे हूँ।। राग रंग में खोकर तुम तो भूल गए मैं सुध बुध खोकर भी साथ तुम्हारे हूँ।। तुम जीवन जी कर भी मेरे नहीं हुए मैं तुम पर मर कर भी साथ तुम्हारे हूँ।। तुम मेरा सानिध्य भोग मुंह फेर गए मैं उपेक्षा पर भी साथ तुम्हारे हूँ।।
 जाने कैसे इन हाथों से हो जाती है हर रोज ग़ज़ल।। लेकिन बाज़ारी दुनिया में खो जाती है हर रोज ग़ज़ल।। ख्वाबों के टूटा करने  से  हर रोज उजड़ती है दुनिया पर फसल सुहाने ख़्वाबों की बो जाती है हर रोज ग़ज़ल।। कुछ अपनी फिक्रों के कारण कुछ दुनिया की चिंताओं से मैं जगता रहता हूँ लेकिन सो  जाती है हर रोज ग़ज़ल।। मैं रोज हथौड़ी छेनी से कुछ भाव तराशा करता हूँ पर अगले दिन ही पत्थर क्यों हो जाती है हर रोज ग़ज़ल।। मेरे मिसरे उन गलियों में  क्यों जाकर भटके फिरते हैं जब उन गलियों से ही होकर तो जाती है हर रोज ग़ज़ल।। सुरेश साहनी, कानपुर  अदीब
 हमपे तोहमत भले लगा देते। तुम तो अहदे वफ़ा निभा देते।। तुम पे हर इक खुशी लुटा देते। प्यार से तुम जो मुस्करा देते।। ज़ख़्म सीने के जगमगा उठते तुम जो झूठा भी आसरा देते।। तुमसे प्याले की जुस्तजू कब थी जाम आंखों से जो पिला देते।। क्या ज़रूरी थी ग़ैर की महफ़िल हमसे कहते तो क्या न ला देते।। हम न पी कर भी बेख़ुदी में रहे। कोई इल्ज़ाम मय को क्या देते।। तुम जो आते सुरेश इस दिल मे क्यों किसी और को बिठा देते।। सुरेश साहनी कानपुर 9451545132
 मिला है जो हमें तकदीर से  कुछ कम नहीं है चलो इनमें ही कुछ चीजें मुकम्मल ढूंढते हैं।। Suresh Sahani
 किसी के पास सागर है मगर वो खुद में गाफिल है हमारी प्यास सहराओं में जाकर सर पटकती है।।सुरेश साहनी
 ज़िन्दगी तुझसे परेशां तो हूँ। कुछ नहीं हूँ तो क्या इंसां तो हूँ।। क्यों न  चाहूँ मैं  तवज्जह ख़ातिर चार दिन ही सही मेहमाँ तो हूँ।।
 ये सोच कर मुझे उसने कुबूल कर ही लिया कि दूसरा कोई मुझसे भला तो क्या होगा।।साहनी
 #लघुकथा - मरीज़ कल मैं शहर के व्यस्त क्षेत्र से अपने बच्चे के साथ गुज़र रहा था। सड़क पर भीड़ भाड़ यथोचित ही थी।लाल बत्ती खुल चुकी थी। तभी पीछे से अचानक एम्बुलेंस के सायरन की आवाज सुनाई पड़ी। लोग तितर बितर होने की स्थिति में आ गए। मैं भी असहज होकर और किनारे यानि लगभग सड़क से की तरह सरक आया।      कुछ देर  बाद   किसी सत्ताधारी दल से सम्बंधित झंडा लगाए एक एसयूवी टाइप गाड़ी गुज़री। भीड़ होने के कारण स्पीड उनके अनुसार कम ही थी। उसमें कुछेक सदरी टाइप लोग खीखी करके हँसते बतियाते दिखाई दिए। और वह गाड़ी आगे चली गयी।   बच्चे ने पूछने के अंदाज़ में बताया 'पापा ये एम्बुलेंस नहीं थी।"  मै क्या बताता। पर यह बात तो तय है कि उसमें मरीज ही थे। शायद  मानसिक मरीज जो सैडिज़्म या किसी हीनता श्रेष्ठता बोध से ग्रसित रहते हैं। सुरेश साहनी, कानपुर
 प्यार मुझसे जो करोगे तो सँवर जाओगे। इन निगाहों में रहोगे तो सँवर जाओगे।। मत सुनो बात ज़माने की न तो फिक्र करो हां अगर दिल की सुनोगे तो सँवर जाओगे।।
 वैसे तो मेरे पोस्ट किसी काम के न थे तुमने कमेंट करके उन्हें ख़ास कर दिया।।साहनी
 जनता सच में बेबस है क्या। फिर सत्ता में काकस है क्या।। हक़ से हैँ महरूम रियाया गद्दी पर पॉन्टीयस है क्या।। साधु प्रहरी क्या क्या है ये  ये भी कोई सिरदस है क्या।। ये ये भी है ये वो भी है ये मायावी राक्षस है क्या।। दुनिया सारी घूम रहा है अवतारे-कोलम्बस है क्या।।  चारो ओर हुआ अँधियारा सूली पर फिर जीसस है क्या।। रावण भी पूजा जाता है अपयश है यह तो यश है क्या।। हेरोदस / एक राजा जिसने प्रभु यीशु को मृत्युदंड दिया सुरेश साहनी कानपुर  9451545132 सुरेश साहनी कानपुर 9451545132
 ज़ुल्म हम पे भी कम नहीं गुज़रे। सिर्फ़ ये है कि हम नहीं गुज़रे।। राब्ता उस गली से क्या रखते जिस गली से सनम नहीं गुज़रे।। हैफ़ जिस से अदूँ रहे हम भी इक उसी के सितम नहीं गुज़रे।। उस को दरकार थी नुमाइश की आप लेकर अलम नहीं गुज़रे।। यूँ जुदाई है मौत से बढ़कर आप के हैं सो हम नहीं गुज़रे।। तिश्नगी थी तो लज़्ज़तें भी थीं सर कभी कर के खम नहीं गुजरे।। सुरेश साहनी,कानपुर
 आज जब मौत की पनाह में हूँ। लग रहा है कि ठीक राह में हूँ।। अपने तकिए में आके खुश हूँ मैं मुद्दतों बाद ख़्वाबगाह में हूँ।। ऐसा लगता था इश्क़ में जैसे पाँव से सर तलक गुनाह में हूँ।। जबकि वो याद ही तो आये हैं और मैं किसलिए उछाह में हूँ।। इतना शक़ भी न कीजिये जानम रात दिन आपकी निगाह में हूँ।।
 मेरी गली में आपका आना अगर है तो। मिलिएगा मुझसे दिल जो लगाना अगर है तो।। यूँ इश्क़ में बहाने ज़रूरी नहीं मगर अच्छा रहेगा कोई बहाना अगर है तो।।  दैरोहरम से मेरा ख़ुदा लापता मिला ले चलिए मैक़दे में ठिकाना अगर है तो।। सागर में डूबने से कहाँ उज़्र है मुझे क़िस्मत में आशिक़ी का खज़ाना अगर है तो।।  ऐ ज़ीस्त झूठी तोहमतों का डर है किसलिए फिर फिर नये लिबास का पाना अगर है तो।। दुनिया से उठ लिए तो कोई इंतज़ार क्यों ले चलिए रस्म सिर्फ़ उठाना अगर है तो।। उससे तो बेहतर है चरिंदों कि ज़िन्दगी इक अपने वास्ते जिये जाना अगर है तो।। इक आप साथ हैं तो कोई ग़म नहीं अदीब होने दें उसके साथ ज़माना अगर है तो।। सुरेश साहनी, कानपुर
 पैर जब जंज़ीर से वाकिफ़ न् थे। हम किसी तकदीर से वाकिफ न् थे।। ये नहीं तदबीर से वाकिफ़ न् थे। आप की तस्वीर से वाकिफ़ न् थे।। डूब कर हम रक़्स करते थे मगर रक़्स की तासीर से वाकिफ़ न् थे।। किस बिना पर मुझको काफ़िर कह गए आप जब तफ़्सीर से वाकिफ़ न् थे।। ख़्वाब अच्छे दिन के देखे थे मगर आज की ताबीर से वाकिफ़ न् थे।। इल्म का खाया न् था जब तक समर बाकसम तक़सीर से वाकिफ़ न् थे।। बालपन तक मन के राजा थे सुरेश तब किसी जागीर से वाकिफ न् थे।। तक़दीर-भाग्य, तदबीर- युक्ति , रक़्स- नृत्य, तासीर- प्रभाव, काफ़िर- धर्मविरुद्ध, तफ़्सीर- टीका, धर्मग्रंथ की व्याख्या,  ताबीर- किसी स्वप्न की व्याख्या, तक़सीर-अपराध, समर- फल, इल्म- ज्ञान  सुरेश साहनी कानपुर  9451545132
 अहले-दिल को सुकून मिल जाता। आशिक़ी को सुतून(स्तंभ) मिल जाता।। यूँ भी मजनू को हो गया अरसा इक नया कारकून मिल जाता।।
 दिल की बस्ती तबाह की जाये। फिर मुहब्बत की राह की जाये।। कुछ तो रुसवाईयों के हासिल हों अपनी हस्ती सियाह की जाये।। आईनों से अगर मिले फुर्सत इश्क़ पर भी निगाह की जाये।। दर्द अपना सुना रहे है वो किस तरह वाह वाह की जाये।। बिन तुम्हारे है एक पल मुश्किल जीस्त कैसे निबाह की जाये।। सुरेश साहनी, कानपुर
 खामोशी तो खूब रही है क्या बोलें। किसकी किश्ती डूब रही है क्या बोलें।। फिर हम इंसानों की क्या हस्ती है जब दुनिया तलक ग़ुरूब रही है क्या बोलें।।साहनी
 सब थे अपने द्वारे साधो। हम ही थे बंजारे साधो।। भावों की बहरी बस्ती में जाकर किसे पुकारे साधो।। सच मे साथ चला क्या कोई यूँ थे सभी हमारे साधो।। जब दुनिया ही कंचन मृग है कितना मन को मारे साधो।। हार गहें मन से मत हारें हार है मन के हारे साधो।। मैं मैं करना मन का भ्रम है तू ही तू कह प्यारे साधो।। सोहम जपकर भवसागर से ले चल नाव किनारे साधो।। सुरेश साहनी कानपुर 9451545132
 कलपित हय,हम सोचित हय हम काहे न बे-रोजगार रहे। जन धन खाता हम खुलवायित जेहिमा सब पईसा डारि रहे। हमते बढ़िया हैं रामलाल हम मूढ़ वहै हुशियार रहे। अपने बच्चन का पढ़वा के उनहूं के भाग बिगारि रहे।। सुरेश साहनी
 हमारी ज़िंदगी  ही झूठ पर है। यहां सच बोलना भी इक हुनर है।। ये दुनिया नफ़रतों को पूजती है मुहब्बत आज भी धीमा ज़हर है।। मैं सेहतयाब होकर लौट आया दुआओं में तेरी अब भी असर है।। ज़हर पीने की आदत डाल लें हम गृहस्थी जीस्त का लंबा सफर है।। अभी रिश्ते भी हैं अनुबन्ध जैसे रखो या तोड़ डालो आप पर है।। कोई उम्मीद मत रखना किसी से उम्मीदे ख्वाहिशों का बोझ भर है।। ठिकाना क्या बनाते हम गदायी ख़ुदा ख़ानाबदोशों का सदर है।। सुरेश साहनी, कानपुर
 यत्र तत्र हैं सूर्पनखा की नाक काटते लोग। अपराधों के दण्डकवन में मृत्यु बांटते लोग।। क्या मानक हैं कैसे निर्धारित होते आदर्श। क्या उन आदर्शो के ऐसे होते हैं प्रतिदर्श।। राम तुम्हें
 क्या तुम जो चाहोगे वो ही लिख दोगे। खेती है क्या अपनों को ही लिख दोगे।। तुमसे सहमत है तो कोई बात नहीं सच बोला तो उसको द्रोही लिख दोगे।। जिससे राहें तक बतियाती दिखती हैं उसको भी अनजान बटोही लिख दोगे।। छल से धन दौलत पा बैठे हो लेकिन किस्मत को कैसे आरोही लिख दोगे।। अपनो को ठगने में तुमको हर्ज कहाँ तुम तो मुझको ही निर्मोही लिख दोगे।।
 सपने लेकर नींद कुंवारी लेटी है।। खोई खोई आस बिचारी लेटी है।। क्या ज़िंदा रहना ही है ज़िंदा होना वो बिस्तर पे लाश हमारी लेटी है।। अस्पताल चलते हैं दौलत वालों से तुम क्या समझे वो बीमारी लेटी है।। बीबी खुश है आज़ादी की राह खुली वो माँ है जो ग़म की मारी लेटी है।। बोझ गृहस्थी का अब कौन उठाएगा वो घर भर की ज़िम्मेदारी लेटी है।। टूट रही हैं लोकतंत्र की सांसें अब बंदूकों पर रायशुमारी लेटी है।। इस शासन में अब शायद ही उठ पाये सीसीयू में जन ख़ुद्दारी लेटी है।। सुरेश साहनी, कानपुर
 कौन सी आरजू जिबह कर लें। कौन सी शर्त पर सुलह कर लें।। जुल्फ़ तेरी जो सर न हो पाए तुम कहो और क्या फतह कर लें।। तुम जो ख़ामोश हो तो किस दम पर कोई फ़रयाद या जिरह कर लें।। साथ तुम हो न चाँद है रोशन तीरगी में कहाँ सुबह कर लें।। जब मिले हो तो खानकाहों पर क्या हम अपनी भी खानकह कर लें।। तेरी ख़ातिर कहाँ कहाँ न लड़े और किस किस से हम कलह कर लें।। और कैसे करार पाएं हम ख़ुद को बेफिक्र किस तरह कर लें।।  सुरेश साहनी, कानपुर
 अब कोई साहिबे-किरदार  न ढूंढ़े मुझमें। मेरे जैसा कोई हर बार न ढूंढ़े मुझमें।। मुंसिफ़ाना हूँ तबीयत से सभी से कह दो  कोई अपना ही तरफगार न ढूंढ़े मुझमें।। ग़ैर के घर हो भगतसिंह है चाहत जिसकी  उससे कह दो कोई यलगार न ढूंढ़े मुझमें।। होंगे बेशक़ कई बीमार शहर में   उसके हुस्न वैसा कोई बीमार न ढूंढ़े मुझमें।। इतनी मुश्किल से शफ़ा दी मेरे हरजाई ने अब कोई इश्क़ के आसार न ढूंढ़े मुझमें।। यूँ भी मजलूम हूँ मजदूर हूँ दहकां भी हूँ कोई परधान सा ऐयार न ढूंढ़े मुझमें।। सुरेश साहनी, कानपुर  9451545132
 यूँ तो मैं मेरे साथ था फिर भी मैंने मुझको कहाँ नहीं ढूँढा।।साहनी
 नित विपक्ष पर लादते मनमाने प्रतिबंध। सत्ता पा कर हो गए ये सचमुच मद-अन्ध।। साहनी दोहा
 आओ कि साथ बैठ के पीते हैं जाम फिर। अपने बिगड़ चुके हुये रिश्ते के नाम फिर।। सिर लेके अपने हाथ में गुज़रे थे उस गली कैसे कहें कि खेत मे आएंगे काम फिर।।
 झोंपड़ी अपनी महल सी हो गयी। इक कली खिल कर कँवल सी हो गयी।। आपकी नज़रे इनायत क्या हुई ज़िन्दगी ताज़ा ग़ज़ल सी हो गयी।। और आसां हो गयी दुश्वारियां मुश्किलें सचमुच सहल सी हो गयी।।
 आदमी दो दिन इधर दो दिन उधर ज़िंदा रहा। किन्तु राक्षस आदमी में उम्र भर ज़िंदा रहा।। जिस किसी भी शख़्स की आंखों का पानी मर गया उसको ज़िंदा मान लें कैसे अगर ज़िंदा रहा।। एक अबला  की किसी वहशी ने इज़्ज़त बख्श दी यूँ  लगा उस शख़्स में इक जानवर जिन्दा रहा।। फिर से जिंदा हो न् जाये जानवर में आदमी हाँ यही डर रातदिन शामोसहर ज़िंदा रहा।। उम्र के हर मोड़ पर माँ बाप याद आते रहे मैं वो बच्चा था जो मुझमे उम्र भर जिन्दा रहा।। बंट चुके आँगन में दीवारों के जंगल उग गए फिर भी बूढ़े बाप की आँखों मे घर जिन्दा रहा।। दिल बियावां जिस्म तन्हा औ मनाज़िर अजनबी साहनी की सोच में फिर भी शहर ज़िंदा रहा।। सुरेश साहनी कानपुर 9451545132
 मेरा महबूब होना चाहिए था। तुम्हे क्या खूब होना चाहिए था।। तुम्हारे हाथ मे आकर जो खुलता वही मकतूब होना चाहिए था।। मैं तालिब हूँ तुम्हारा तो तुम्हें भी मेरा मतलूब होना चाहिए था।।
 तुम ये समझे हो कि पत्थर आईना हो जायेगा। हम को लगता है अकड़ कर देवता हो जाएगा।। उनको लगता है कि कतराकर निकल जाएंगे वो हम कहें हैं उनका हर वादा वफ़ा हो जायेगा।।
 अज़ीब परम्परा सी चलाई जा रही है। कभी कोई मोम सी गुड़िया  तो कभी मोमबत्ती जलाई जा रही है।। अब यह दोनों कार्य  इस तेजी से हो रहे है, समझ में नहीं आता क्या किसके उपलक्ष्य में  मनाया जा रहा है बेटियों के लिए मोमबत्तियां या मोमबत्तियों के लिए  बेटियों को जलाया जा रहा है।। सुरेश साहनी,कानपुर
 तुम भूल गए कैसे मुहब्बत के फसाने। कहते थे तुम्हीं याद रहेंगे ये ज़माने।। नज़रों से ज़ेहन ज़ेहन से दिल दिल से मेरी जां  तुम बदला किये अपने ठिकाने पे ठिकाने।। तुम मुझसे न मिल पाए या मिलना नहीं चाहा अब लाख करे जाओ बहाने पे बहाने।।
 काश फिर से कोई पीने को वज़ह मिल जाये कैफ़े-ग़म ही सही जीने को वज़ह मिल जाये।। ज़ख़्म तमगे हैं ज़माने को दिखाने के लिए कौन चाहे है कि सीने को वजह मिल जाये।। फिर मज़ा क्या है अगर जीस्त में तकलीफ़ न् हों गो भँवर हो तो सफीने को  वज़ह मिल जाये।। सुरेश साहनी कानपुर
 तंग  हुए सब काफ़िये बिगड़े सभी रदीफ़। हुए बेबहर देख हम अपनो की तकलीफ।।सुरेश साहनी दोहा