मेरी रफ़्तार को पर मिल रहे हैं।

मेरे स्वर में कई स्वर मिल रहे हैं।।

नया कुछ तो सृजन होकर रहेगा

कि धरती और अम्बर मिल रहे हैं।।

यहाँ दो गज़ जमीं की फ़िक्र क्यों हो

सुना है चाँद पे घर मिल रहे हैं।।

बड़ी थी आपको शौके-शहादत

तो फिर क्यों आज डरकर मिल रहे हैं।।

आगे बढ़ के इस्तक़बाल करिये

अगर ख़ंजर से खंज़र मिल रहे हैं।।

मेरी नीयत में कुछ तो खोट होगा

गुलों के साथ पत्थर मिल रहे हैं।।

कभी सोचा न था ऐसा भी होगा

ये कैसे कैसें मंज़र मिल रहे हैं।।

कि सूरज जुगनुओं की क़ैद में है

नदी में आके सागर मिल रहे हैं।।

Comments

Popular posts from this blog

भोजपुरी लोकगीत --गायक-मुहम्मद खलील

र: गोपालप्रसाद व्यास » साली क्या है रसगुल्ला है