दिल के जख्मों को सजाना खल गया।

उनको मेरा मुस्कुराना खल गया।।


कल जिन्हें था उज़्र मेरे मौन पर

आज हाले-दिल सुनाना खल गया।।


उनसे मिलने की खुशी में रो पड़ा

पर उन्हें आँसू बहाना खल गया।।


उनकी यादेँ, उनके ग़म ,तन्हाईयां

उनको मेरा ये खज़ाना खल गया।।


चाहता है  ये शहर  हम छोड़ दें

क्या उसे मेरा ठिकाना खल गया।।


इनको मेरी चंद खुशियां खल गयीं

उनको मेरा आबोदाना खल गया।।


आख़िरश उनको ज़नाज़े में मेरे

इतने सारे लोग आना खल गया।।

सुरेश साहनी ,कानपुर

Comments

Popular posts from this blog

भोजपुरी लोकगीत --गायक-मुहम्मद खलील

अपरिभाषित

र: गोपालप्रसाद व्यास » साली क्या है रसगुल्ला है