मेरी कविता बड़ी चटपटी और करारी है।

या तहरी के साथ रसीली सी तरकारी है।।


इसमें कन्या भ्रूण बचाने वाली लाइन है

कन्या को भरपूर पढ़ाने वाली लाइन है

मेरी  कविता पूरी तरह दहेज विरोधी है

इसमें नारी हक़ दिलवाने वाली लाइन है


इस कविता में सकल सृष्टि की रक्षक नारी है।.....

मेरी कविता बड़ी चटपटी और करारी है।।......


मैंने इस कविता में वन रक्षण पर बोला है

वन जीवों पर गौरेया संरक्षण पर बोला है

पर्वत नदियां हिमनदियों और जंगल की रक्षा

सकल धरा पर बढ़ते परदूषण पर बोला है


मेरी कविता मंचों की पूरी अधिकारी  है।।

मेरी कविता बड़ी चटपटी और करारी है।।......


इस कविता में सभी तरह के मिर्च मसाले हैं

इसमें ओज देशभक्ति के तड़के डाले हैं

इसमें पाकिस्तान को हमने धमकी भी दी है

और चीन को विश्व शान्ति के मैसेज डाले हैं


मेरी कविता रंग बिरंगी सबसे न्यारी है।।

मेरी कविता बड़ी चटपटी और करारी है।।......

हास्य व्यंग्य

सुरेश साहनी, कानपुर

Comments

Popular posts from this blog

भोजपुरी लोकगीत --गायक-मुहम्मद खलील